शीर्षक: वायरल वीडियो पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, सड़क पर मारपीट करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

शीर्षक: वायरल वीडियो पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, सड़क पर मारपीट करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

स्थान – सितारगंज
रिपोर्टर – तनवीर अंसारी

सोशल मीडिया पर सड़क पर सरेआम मारपीट का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। वीडियो की जांच के उपरांत पुलिस ने उपद्रव फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया है।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि यह घटना 11 जनवरी की है। राजकीय इंटर कॉलेज के सामने लगी ठेलियों पर चाउमीन और मोमो खाने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान सड़क पर हंगामा हुआ और सार्वजनिक शांति भंग हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना के दिन ही संबंधित पक्षों के बीच आपसी समझौता (राजीनामा) हो गया था। इसके बावजूद मारपीट का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में गलत संदेश गया और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की दोबारा जांच की और आज उक्त घटना में शामिल छह लोगों को नकुलिया चौराहे के पास से हिरासत में लिया। इन सभी पर सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था फैलाने का आरोप पाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया। पूछताछ के बाद सभी को सख्त चेतावनी दी गई और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की हिदायत देते हुए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा, मारपीट और उपद्रव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे मामलों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।