रामनगर में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन क्लिनिक सील

रामनगर में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन क्लिनिक सील

स्थान – रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर में स्वास्थ्य विभाग और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध चिकित्सा प्रैक्टिस कर रहे झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में तीन अवैध क्लिनिक को सील कर दिया गया। विभाग की कार्यवाही के बाद रामनगर और आसपास के इलाकों में स्थित झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। कई डॉक्टर टीम के पहुंचने से पहले ही अपनी क्लिनिक बंद कर मौके से फरार हो गए।

कार्यवाही मंगलवार को डिप्टी सीएमओ डॉक्टर श्वेता भंडारी, डिप्टी सीएमओ डॉक्टर चंद्रा पंत और रामनगर की औषधि निरीक्षक डॉक्टर अर्चना की संयुक्त टीम ने की।

डिप्टी सीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी ने बताया कि मोहल्ला गूलरघटटी में डॉक्टर मुजीबुर्रहमान के क्लिनिक पर सीएम पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद छापामार कार्रवाई की गई। मौके पर डॉक्टर ने कोई वैध डिग्री नहीं दिखाई।

इसी कार्रवाई के तहत नदीम अख्तर के क्लिनिक और भवानीगंज क्षेत्र में एस. के. कोटिया के क्लिनिक पर भी छापा मारा गया, जहां दोनों डॉक्टरों के पास वैध डिग्री के प्रपत्र नहीं पाए गए। इसी कारण तीनों क्लिनिक को मौके पर सील कर दिया गया।

डॉ. भंडारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जो भी झोलाछाप डॉक्टर मासूमों और गरीबों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी अवैध डॉक्टर के बारे में जानकारी हो तो सीएम पोर्टल या स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को तुरंत सूचित करें।

इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़ी है और झोलाछाप डॉक्टरों में डर का माहौल है।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि आगे भी सख्त निगरानी और छापेमारी जारी रहेगी ताकि नागरिकों को सुरक्षित और प्रमाणिक स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।