
स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक के पास खड़ी कार में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गया।


स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।


जानकारी के अनुसार, घटना स्थल के पास व्यापार मंडल द्वारा लोहड़ी पर्व मनाए जाने का कार्यक्रम चल रहा था। आग के चिंगारियों से हादसे का डर बढ़ गया था, लेकिन गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थल का मुआयना किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया है और क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां फिर से बहाल कर दी गई हैं।
पुलिस ने लोगों से आग लगने जैसी घटनाओं में सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा कि आगामी त्योहारों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा के इंतजामों को और मजबूत किया जाएगा।


