
स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार में मकर संक्रांति स्नान पर्व को लेकर आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिल रहा है। अर्धरात्रि से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हरकी पैड़ी पर जुटनी शुरू हो गई, जबकि ब्रह्ममुहूर्त से पहले ही गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला लगातार जारी है।


ज्योतिषाचार्यों के अनुसार आज रात संक्रांति का संक्रमण काल है, जबकि पुण्य काल कल पूरे दिन रहेगा। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु 15 जनवरी को भी मकर संक्रांति का पर्व मनाएंगे।
इस वर्ष करीब 23 वर्षों बाद मकर संक्रांति और षटतिला एकादशी एक ही तिथि पर पड़ रही है, जिसे ज्योतिष शास्त्र में विशेष पुण्य फल देने वाला बताया गया है।


स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मेला क्षेत्र को 8 जोन और 22 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। हरकी पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात है, और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की पल-पल निगरानी की जा रही है।


इसके अलावा, ऋषिकुल ऑडिटोरियम में पुलिस फोर्स को विशेष ब्रीफिंग दी गई, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक न हो। इस वर्ष के स्नान पर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

