
स्थान – पौढ़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत नौगांव में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ आत्मीय स्वागत किया।


जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर महिलाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे पूरे वातावरण में सहभागिता और विश्वास का भाव स्पष्ट रूप से झलका।


शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।


पंचायती राज, समाज कल्याण, वन, बाल विकास सहित अन्य विभागों के स्टॉलों की सराहना करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनाया जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा बालिका नवनीता को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई, वहीं बालिका यशिता का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की संवेदनशील सोच और सामाजिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की और विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं व मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। आयोजन से ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ।


