
रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : अल्मोड़ा
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज नगर के प्रसिद्ध नन्दा देवी मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में स्थापित बिजली के खंभों को आवश्यकतानुसार स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंदिर की बाउंड्री, प्रांगण में चल रहे निर्माण कार्य और अन्य निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि सभी कार्य मंदिर के प्राचीन स्वरूप को संरक्षित रखते हुए किए जाएँ और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।


जिलाधिकारी ने स्थानीय निवासियों की आपत्तियों और सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नन्दा देवी मंदिर एक प्राचीन एवं सांस्कृतिक धरोहर है, इसलिए इसके संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।


उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर समिति और प्रशासन को संयुक्त रूप से कार्य करना चाहिए, ताकि मंदिर परिसर का विकास और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण संतुलित रूप से सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान, मंदिर समिति के मनोज वर्मा एवं मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह और पार्षद अर्जुन बिष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


जिलाधिकारी अंशुल सिंह की इस स्थलीय समीक्षा से मंदिर परिसर में कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और स्थानीय नागरिकों की संतुष्टि को प्राथमिकता देने का संदेश मिला है।


