

स्थान – मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


नववर्ष की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार नजर आ रहे हैं। पहाड़ों की रानी मसूरी में साल के पहले दिन पर्यटकों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। नए साल का जश्न मनाने के लिए देश के अलग–अलग राज्यों से भारी संख्या में सैलानी मसूरी पहुंचे, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।




31 नाइट सेलिब्रेशन के बाद भी पर्यटकों की भीड़ कम नहीं हुई। मॉल रोड, लाइब्रेरी चौक और आसपास के इलाकों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। भारी भीड़ के चलते कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस और प्रशासन यातायात व्यवस्था को संभालने में लगातार जुटा रहा और जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया।



दिल्ली से मसूरी पहुंची एक पर्यटक ने बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ नए साल का जश्न मनाने यहां आई हैं। उनका कहना है कि मसूरी का मौसम बेहद सुहावना है और यहां की आबोहवा का पूरा आनंद लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए साल की शुरुआत मसूरी में करना उनके लिए खास अनुभव है, हालांकि सैलानी बर्फबारी का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



कुल मिलाकर, साल के पहले दिन मसूरी पर्यटकों की पसंदीदा डेस्टिनेशन बनी रही, जहां रौनक, जश्न और पहाड़ों की खूबसूरती ने नए साल का स्वागत खास बना दिया।



