

स्थान :- जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर नगर में नए साल के पहले ही दिन नगर पालिका परिसर में सियासी और प्रशासनिक माहौल गरमा गया। नगर पालिका परिसर स्थित अधिशासी अधिकारी कार्यालय के गेट के बाहर महिला सभासद सहित कुल 12 सभासद अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह के खिलाफ धरने पर बैठ गए।




धरना दे रहे सभासदों ने अधिशासी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपमानित किया जा रहा है। सभासदों का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी द्वारा उन्हें शराबी कहा गया, उनके फोन नहीं उठाए जाते, और उनकी समस्याओं व सुझावों को नजरअंदाज किया जाता है। नाराज सभासदों ने धरने के दौरान
“गुंडागर्दी नहीं चलेगी” और “अधिशासी अधिकारी हाय-हाय” के नारे लगाए।



वहीं दूसरी ओर, अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ सभासद देर रात फोन करते हैं, जिस कारण कई बार फोन नहीं उठाया जा पाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब किसी की उपेक्षा करना नहीं है।



मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की। अध्यक्ष की पहल पर सभासदों और अधिशासी अधिकारी के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया और मामला शांत हुआ।

नववर्ष के पहले दिन नगर पालिका में हुए इस घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


