

स्थान – ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


हाईकोर्ट के आदेश पर वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हुई पत्थरबाजी और हंगामे के मुद्दे पर कांग्रेस आक्रामक नजर आ रही है। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर धामी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। इसी सिलसिले में विधायक प्रीतम सिंह और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।



कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार समय रहते हाईकोर्ट के आदेश के क्रियान्वयन से पहले स्थानीय लोगों को विश्वास में लेती और आदेश की पूरी जानकारी देती, तो हालात इतने बिगड़ते नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना तैयारी के पुलिस और वन विभाग की फोर्स को सीधे क्षेत्र में भेज दिया, जिससे लोगों में भय का माहौल बना और मजबूरन पीड़ितों को सड़कों पर उतरना पड़ा।




प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया कि यह पूरी तरह सरकार की प्रशासनिक विफलता है। अपने फेलियर को छुपाने के लिए सरकार अब निर्दोष लोगों पर मुकदमे दर्ज कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। नेताओं ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।



कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने बताया कि अमित ग्राम में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जमीन जाते देख एक पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की, जिस पर आदेश आया। उसी आदेश के बाद जो घटनाक्रम हुआ, वह सभी के सामने है।

कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने हालात संभालने के बजाय स्थिति को और बिगाड़ने का काम किया और अब अपनी नाकामी छुपाने के लिए कार्रवाई कर रही है।


