

स्थान:चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के पाटी ब्लॉक के दूरस्थ दर्जन भर गांवों से आए 35 से अधिक ग्रामीणों ने सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार से अपनी सड़क सुविधा की समस्याएं साझा की।



ग्रामीणों का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता नंदू पाण्डेय और बुजुर्ग पूर्व सरपंच रतन सिंह बिष्ट (90 वर्ष) एवं खिलानंद जोशी (85 वर्ष) ने किया। दोनों बुजुर्ग पहली बार जनता दरबार में शामिल हुए। जिलाधिकारी ने बड़ी संवेदनशीलता और धैर्य के साथ समस्याएं सुनी और मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया।



जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित 4 किलोमीटर लंबी सड़क बनने के बाद घिंघारुकोट, कोटना पटन, गजू, बसंत, बांस, बांसवाड़ा और सांगो सहित कई गांवों की ब्लॉक मुख्यालय तक दूरी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी।



इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की उपजाऊ भूमि में उगाई जाने वाली सब्जियां, आलू, प्याज, अदरक और फल आसानी से मंडियों तक पहुंच सकेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने पर 25 से अधिक पलायन कर चुके परिवार दोबारा अपनी मातृभूमि लौटने को तैयार हैं।

रतन सिंह बिष्ट और खिलानंद जोशी ने भावुक होते हुए कहा, “आज सड़क मिलने की उम्मीद से बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान आई है, उसे देखकर हमारी उम्र ही बढ़ गई।”


