

स्थान: हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश भर में विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में सामने आए कथित ऑडियो के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है, जिससे आम लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।



आज हल्द्वानी में सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक जुलूस निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में दरांती लिए शामिल हुईं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।



प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी मांग की कि ऑडियो में जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उन सभी पर कड़ी कार्रवाई की जाए।



इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सीबीआई जांच और दोषी नेताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



