अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर फिर उबाल, किच्छा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर फिर उबाल, किच्छा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

स्थान – किच्छा
रिपोर्ट – राजू सहगल

प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किए जाने के बाद मामला एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। वीडियो में कथित तौर पर भाजपा से जुड़े एक वीआईपी नेता का नाम सामने आने के बाद उत्तराखंड भर में सियासी माहौल गरमा गया है।

इसी कड़ी में ऊधम सिंह नगर जनपद के किच्छा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार के पुतले के साथ जुलूस निकाला। जुलूस किच्छा के प्रमुख मार्गों से होते हुए दीनदयाल चौक पहुंचा, जहां प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद भाजपा सरकार ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आनन-फानन में रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ लोगों को जल्दबाजी में आरोपी बनाकर असली वीआईपी आरोपी को बचाने का प्रयास किया।

कांग्रेसियों का कहना था कि अब जब भाजपा नेत्री ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से हत्याकांड में शामिल वीआईपी नेता का नाम उजागर कर दिया है, इसके बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।