अंकिता भंडारी हत्याकांड: लोहाघाट में कांग्रेस का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच व गिरफ्तारी की मांग

अंकिता भंडारी हत्याकांड: लोहाघाट में कांग्रेस का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच व गिरफ्तारी की मांग

स्थान: लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। शनिवार शाम को कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में लोहाघाट के वीर कालू सिंह महरा चौराहे पर अंकिता भंडारी की तस्वीर के समक्ष कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने तथा भाजपा उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम और भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि एक ओर भाजपा प्रदेश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं के नाम इस जघन्य हत्याकांड से जुड़कर सामने आना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार अपने नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है।

चिराग फर्त्याल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पाक-साफ है, तो मामले की तत्काल सीबीआई जांच कराई जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त हलचल मची हुई है और यह मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।