अंकिता हत्याकांड: रानीखेत में कांग्रेस का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच की मांग

अंकिता हत्याकांड: रानीखेत में कांग्रेस का कैंडल मार्च, सीबीआई जांच की मांग

स्थान – रानीखेत
रिपोर्ट – संजय जोशी

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर रानीखेत नगर में कांग्रेस द्वारा शनिवार को गांधी चौक से विजय चौक तक शांतिपूर्ण लेकिन जनआक्रोश से भरा कैंडल मार्च निकाला गया। यह कैंडल मार्च बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर आयोजित किया गया।

हाथों में जलती मोमबत्तियाँ और आंखों में आक्रोश व पीड़ा लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने एक स्वर में न्याय की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में दबाए गए सच की चीख है, जिसने पूरे समाज की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक की पत्नी द्वारा स्वयं वीआईपी दुष्यंत कुमार गौतम उर्फ “गट्टू” का नाम सामने लाया जाना इस बात का प्रमाण है कि सच को जानबूझकर दबाने और दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंकिता को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले में सभी दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, महिला जिला अध्यक्ष गीता पवार, नेहा माहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।