बाजावाला में साहिबजादों का शहीदी समागम श्रद्धा से सम्पन्न

बाजावाला में साहिबजादों का शहीदी समागम श्रद्धा से सम्पन्न

स्थान – बाजपुर
रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर अंतर्गत केलाखेड़ा के समीप ग्राम बाजावाला में दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों का शहीदी समागम श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। यह धार्मिक समागम लगातार सात दिनों तक गुरुद्वारा श्री नानक दरबार बाजावाला में आयोजित किया गया।

समागम के दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रचारक बाबा हरजिंदर सिंह (केलाखेड़ा) ने गुरमत प्रचार कर संगत को निहाल किया। उन्होंने सरबंस दानी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि किस प्रकार साहिबजादों ने अत्याचारों के सामने झुकने के बजाय अपने प्राणों का बलिदान दे दिया, लेकिन धर्म परिवर्तन स्वीकार नहीं किया।

इस अवसर पर पूर्व बीडीसी गुरमीत सिंह द्वारा छोटे साहिबजादों की स्मृति में श्री सुखमनी साहिब का पाठ करवाया गया। समागम के दौरान गांव की संगत की ओर से अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समागम के समापन पर संगत ने साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए गुरु चरणों में नमन किया और सामाजिक एकता व भाईचारे का संदेश दिया।