

स्थान – चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


देश के 10 खूबसूरत ट्रैकिंग डेस्टिनेशन में शामिल ज्योर्तिमठ के कुंवारी पास ट्रैक पर न्यू ईयर और वीकेंड के लिए पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। इसी बीच शनिवार देर शाम 7:30 बजे, नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क के फारेस्ट कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ट्रैक पर एक ट्रैकर बेस कैम्प लौटकर नहीं आया।




सूचना मिलते ही वन विभाग की 6 सदस्यीय रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। टीम, वन क्षेत्र अधिकारी गौरव नेगी के नेतृत्व में जोशीमठ से प्रस्थान कर तुगासी गांव से खुलारा कैम्प की ओर 9:00 बजे पैदल रवाना हुई।



विषम परिस्थितियों और माइनस 10 डिग्री से भी कम तापमान में मध्य रात्रि 12:30 बजे, टीम कुंवारी पास ट्रैक के बेस पर पहुँची और लापता पर्यटक शिवम गुप्ता (27 वर्ष, बवाना दिल्ली) को सुरक्षित ढूंढ निकाला। शिवम ने बताया कि वह रास्ता भटक गए थे और स्वस्थ हैं।



इस सफल रेस्क्यू अभियान के लिए ट्रैकिंग व्यवसाय से जुड़े लोग और स्थानीय पर्यटन स्टेकहोल्डर्स ने वन विभाग के अधिकारी गौरव नेगी और रेस्क्यू टीम के सदस्यों मान सिंह, अभिषेक बिष्ट, अजय रावत और संजय बिष्ट का विशेष धन्यवाद किया।

वन विभाग की इस तत्परता और विषम परिस्थितियों में साहसिक कार्य को लेकर पर्यटक दल और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।



