

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर डोईवाला नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परवादून कांग्रेस कार्यालय से नगर चौक तक कैंडल मार्च निकालकर अपना आक्रोश जताया।



कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम तथा भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की।




कैंडल मार्च में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय प्रणाली पर भरोसा है, लेकिन यह मामला शुरू से ही संदिग्ध परिस्थितियों से घिरा रहा है, इसलिए इसकी उच्चस्तरीय सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।



हरीश रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस पूरे मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता तब तक शांत नहीं बैठेंगे, जब तक अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की न्याय की लड़ाई है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



