

स्थान – हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


ज्या मैक्सवेल हॉस्पिटल बहादराबाद के खिलाफ आज भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए अस्पताल का घेराव किया। प्रदर्शन का कारण अस्पताल पर इलाज के नाम पर अनुचित वसूली और लापरवाही के गंभीर आरोप हैं।



दादूपुर गोविंदपुर निवासी मेहराजुद्दीन ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वे अपनी पत्नी फातमा परवीन (46 वर्ष) को पैर की हड्डी टूटने के इलाज के लिए ज्या मैक्सवेल हॉस्पिटल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने टेस्ट रिपोर्ट के नाम पर 23 हजार रुपये खर्च करा लिए, लेकिन इसके बाद स्टाफ ने यह कहकर इलाज टाल दिया कि हड्डी के डॉक्टर एक जनवरी के बाद ही उपलब्ध होंगे, तभी ऑपरेशन किया जाएगा।



इतना ही नहीं, पीड़ित के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने यह भी कहा कि आयुष्मान कार्ड एक जनवरी से पहले मान्य नहीं होगा, और भर्ती रहने की स्थिति में कमरे, दवाइयों सहित 12 हजार रुपये प्रतिदिन खर्च बताया गया।



मौके पर पहुंचे आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सैनी ने आरोप लगाया कि इस अस्पताल में इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए आए मरीजों से मोटी रकम वसूली जाती है, जबकि समय पर इलाज नहीं दिया जाता।

तेज प्रताप सैनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर पीड़ित से माफी नहीं मांगते और लिए गए 23 हजार रुपये वापस नहीं करते, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

फिलहाल अस्पताल के बाहर भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं और मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।



