


स्थान – दिनेशपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


बांग्लादेश में हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या को लेकर देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के दिनेशपुर क्षेत्र के मोतीपुर मोड़ पर स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।



भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री यूनुस का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।



प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बांग्लादेश में लगातार हिन्दू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है, उनके धार्मिक अधिकारों पर हमले हो रहे हैं और वहां की सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।



वक्ताओं ने कहा कि दीपू चंद्र दास की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि यह मानवाधिकारों पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से कड़ा रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि बांग्लादेश सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाया जाए, ताकि वहां रह रहे अल्पसंख्यक हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन लोगों के गुस्से और आक्रोश ने एक बार फिर इस मुद्दे को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है।



