


स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है और मौसम धीरे-धीरे करवट लेता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।



मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि 3000 से 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।




डॉ. तोमर के मुताबिक फिलहाल अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 30, 31 दिसंबर और 1 जनवरी से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।



मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले पांच दिन प्रदेश के मैदानी इलाकों—हरिद्वार, उधमसिंह नगर, देहरादून और नैनीताल—के लिए काफ़ी ठंडे साबित हो सकते हैं। इन क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे की स्थिति बनने की आशंका है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से ठंड को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।



