


स्थान – लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर बुधवार को लालकुआँ स्थित अम्बेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी मंडल द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।



कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल द्वारा एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, नीतियों और उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने राजनीतिक जीवन में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा।



गोष्ठी में अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव और राज्य गठन में योगदान को भी याद किया गया।



इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में ही उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला, जिसे प्रदेश की जनता कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



