भटवाड़ी विकास खंड की पहली बैठक में जनसमस्याओं पर हंगामा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

भटवाड़ी विकास खंड की पहली बैठक में जनसमस्याओं पर हंगामा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

स्थान – उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद उत्तरकाशी के सीमांत विकास खंड भटवाड़ी की पहली बैठक स्थानीय विधायक और जिला अधिकारी की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ जिला स्तरीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान जंगली जानवरों के लगातार हमले, सड़क और पेयजल व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया, जिसको लेकर बैठक में हंगामे की स्थिति भी बनी। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि जिले में बैठे अधिकारी फोन तक उठाने को तैयार नहीं हैं, ऐसे में ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान कैसे होगा।

इस पर अधिकारियों ने नेटवर्क की समस्या का हवाला देते हुए कहा कि कई इलाकों में संचार व्यवस्था कमजोर है, जिस कारण फोन संपर्क नहीं हो पाता। हालांकि जिला अधिकारी ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि कम्युनिकेशन गैप को जल्द दूर किया जाए, अन्यथा अगली बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।

वहीं स्थानीय विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रोटेशन प्लान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग गांवों में रुकें और मौके पर ही जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करें।

बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भटवाड़ी विकास खंड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।