

स्थान – लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्सर क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ लक्सर क्षेत्र के पांच गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान 82 घरों में चोरी की बिजली जलती हुई पकड़ी गई, जबकि 22 लाख रुपये से अधिक के 17 बकायादारों के कनेक्शन भी काटे गए।



ऊर्जा निगम लक्सर डिवीजन की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रही है। पूर्व में कई बार कर्मचारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा, इसी को देखते हुए मंगलवार को लक्सर कोतवाली पुलिस और पीएसी के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।



संयुक्त टीम ने मखियाली खुर्द, बीजोपुरा, जैनपुर खुर्द, खेड़ी खुर्द और बसेड़ी गांव में छापेमारी की। ईई लक्सर एस.के. गुप्ता ने बताया कि पांच गांवों में की गई चेकिंग के दौरान 82 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम ने सभी घरों से कटिया और अवैध बिजली केबल भी बरामद की हैं।



ऊर्जा निगम की ओर से सभी 82 आरोपियों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में तहरीर दे दी गई है, जिस पर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीओ अमीचंद ने बताया कि इसके अलावा 22 लाख रुपये से अधिक के बकायेदार 17 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन भी काटे गए हैं।

उधर, भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी होने की सूचना मिलते ही गांवों में सनसनी फैल गई। कई लोग टीम को आता देख घरों के पास से गुजर रही एलटी लाइन से अपनी कटिया हटाते नजर आए। ऊर्जा निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




