उत्तराखंड SDRF को अमेरिकी दूतावास का सम्मान, आपदा बचाव में उत्कृष्ट कार्यकुशलता के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान

उत्तराखंड SDRF को अमेरिकी दूतावास का सम्मान, आपदा बचाव में उत्कृष्ट कार्यकुशलता के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान

स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड पुलिस की राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने अपनी बेहतरीन कार्यकुशलता और मानवीय सेवा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अमेरिकी दूतावास ने आपदा प्रबंधन और कठिन परिस्थितियों में संचालित साहसिक बचाव अभियानों के लिए SDRF उत्तराखंड पुलिस को विशेष स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

यह सम्मान विशेष रूप से उन त्वरित और जोखिमपूर्ण रेस्क्यू अभियानों के लिए दिया गया, जिनमें उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में फंसे अमेरिकी पर्यटकों समेत अन्य विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सीमित संसाधनों, प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद SDRF ने अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।

SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के कुशल नेतृत्व में चमोली जनपद के माउंट चौखंबा में फंसी विदेशी महिला ट्रैकर्स और बद्रीनाथ क्षेत्र के वसुधारा तथा गंगोत्री जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कई जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। इन अभियानों की प्रमुख विशेषता प्रभावी समन्वय, सटीक रणनीति और समयबद्ध कार्रवाई रही।

अमेरिकी दूतावास द्वारा दिया गया यह सम्मान SDRF के जांबाज कार्मिकों की निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना का प्रतीक है। अधिकारी मानते हैं कि यह उपलब्धि न केवल बल के मनोबल को नई ऊर्जा देगी, बल्कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में SDRF की विश्वसनीयता को वैश्विक मंच पर और मजबूत करेगी।