ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) से बड़ी खबर

ताड़ीखेत (अल्मोड़ा) से बड़ी खबर

स्थान – रानीखेत

रिपोर्ट – संजय जोशी

प्रशासन गाँव की ओर अभियान के तहत विकासखंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों के स्टालों का एक-एक कर निरीक्षण किया और मुख्यसेवक के स्टाल पर बैठकर आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं

मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए प्राप्त शिकायतों पर क्रमवार चर्चा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य यही है कि सरकारी सेवाएं जनता तक उनके गांव में ही पहुंचें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। अधिकारी स्वयं गांव में आकर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के सभी विभाग एक ही मंच पर जनता के द्वार पर उपस्थित हैं और आमजन को इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। यह अभियान विशेष रूप से जनता की सुविधा और भरोसे को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है।

शिविर के दौरान पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जैनोली के जर्जर भवन को लेकर सामने आई शिकायत पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन गाँव की ओर अभियान शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने की एक प्रभावी पहल है, जिससे जनसमस्याओं का समाधान तेजी, पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ किया जा रहा है।

इस अवसर पर रानीखेत विधायक प्रमोद नैलवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।