

लोकेशन – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट


झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आम जनता की परेशानी को बढ़ा दिया, जिससे जनता की आवाज़ बनते हुए कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति खुद मोर्चे पर उतर आए।



बताया जा रहा है कि विधायक ने पहले विभागीय अफसरों को चेतावनी दी थी कि यदि बिजली कटौती नहीं रुकी, तो सख्त कदम उठाया जाएगा। लेकिन चेतावनी को हल्के में लिया गया। मंगलवार की सुबह विधायक अपने समर्थकों के साथ बिजली विभाग के अधिकारियों के आवासों पर पहुंचे और वहां की बिजली सप्लाई काट दी।




विधायक का संदेश था कि जब जनता अंधेरे में दिन की शुरुआत करने को मजबूर है, तो लापरवाही बरतने वाले अफसरों को भी उसी हालात का सामना करना चाहिए। इस अचानक कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं क्षेत्र में इस घटना की चर्चा तेज हो गई।


जनता ने विधायक के इस कदम को साहसिक बताते हुए समर्थन जताया और कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी परेशानी को इस स्तर पर उठाया है। अब सवाल यह है कि क्या इस सख्त कार्रवाई के बाद अघोषित बिजली कटौती पर ब्रेक लगेगा या विभाग की लापरवाही आगे भी जारी रहेगी।


फिलहाल, विधायक का यह कदम झबरेड़ा क्षेत्र में सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है।



