

स्थान – मसूरी

ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मसूरी में आयोजित होने वाले विंटर लाइन कार्निवाल को भव्य बनाने के लिए पूरे शहर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्निवाल का आगाज 24 दिसंबर से होगा और इसे राज्य की संस्कृति, पर्यटन और कला का संगम बनाने पर जोर दिया जा रहा है।




पहली रात में पहाड़ के गांधी इंद्रमणि बडोनी की जीवनी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा माधव सिंह भंडारी का नाटक ‘कमंचन’ मंचन किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ मसूरी माल रोड पर फूड फेस्टिवल का आयोजन भी होगा, जिसमें पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लोगों को मिलेगा।



उप जिला अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि इस बार कार्निवाल को और आकर्षक बनाने के लिए उत्तराखंड के प्रमुख कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही बॉलीवुड कलाकार निखिल डिसूजा भी अपनी प्रस्तुति देंगे।


उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, वेशभूषा और संगीत के माध्यम से पर्यटकों और देश-विदेश के लोगों को राज्य से रूबरू कराया जाएगा। गांधी चौक, माल रोड और लैंडर बाजार में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, ताकि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष का उत्सव यादगार बन सके।



