औली–गोरसों बुग्याल चेयर कार रोपवे से पर्यटन और एडवेंचर को मिलेगा नया आयाम

औली–गोरसों बुग्याल चेयर कार रोपवे से पर्यटन और एडवेंचर को मिलेगा नया आयाम

लोकेशन – औली

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड सरकार पर्वतमाला मिशन के तहत दूरस्थ पर्यटन और धार्मिक तीर्थाटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। इसी कड़ी में विंटर डेस्टिनेशन औली से गोरसों बुग्याल की चोटी तक चेयर कार रोपवे बनाने की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।

इस परियोजना से औली को अंतरराष्ट्रीय स्तर के विंटर डेस्टिनेशन और स्कीइंग केंद्र के रूप में और मजबूत किया जाएगा। फिलहाल रोपवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि औली की ढलानों को विकसित करने और घरेलू व विदेशी पर्यटकों को बेहतर स्कीइंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी काम चल रहा है।

पहले औली–गोरसों रोपवे की डीपीआर ब्रिज कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से बनाई गई थी, अब इसे नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड द्वारा नई तकनीक और पुराने अध्ययन के आधार पर तैयार किया जाएगा।

ज्ञात हो कि ज्योतिर्मठ में भू-धंसाव के कारण कुछ वर्षों से औली रोपवे बंद था। अब जोशीमठ–औली रोपवे को नई तकनीक से दोबारा बनाने की योजना भी प्रगति पर है। अधिकारियों के अनुसार, औली–गोरसों चेयर कार रोपवे शुरू होने से पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी और स्नो स्कीइंग सहित अन्य साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पर्वतमाला मिशन के तहत प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे प्रोजेक्ट को प्राथमिकता दी जा रही है। पहले चरण में सोनप्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे की डीपीआर पूरी हो चुकी है और कार्य भी आवंटित किया जा चुका है। अब राज्य के पर्यटक और एडवेंचर प्रेमी औली–गोरसों बुग्याल में नई रोपवे परियोजना के लाभ का इंतजार कर रहे हैं।