

स्थान – रानीखेत

संवाददाता – संजय जोशी


ताड़ीखेत में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” प्रशासन गांव की ओर बहुउद्देशीय शिविर में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास सौगात दी।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 77.25 करोड़ रुपये की लागत की 32 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत को एक नई एंबुलेंस भी प्रदान की, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिले के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को धार्मिक कार्यों और अतिक्रमण हटाने से परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में “मुगलिया मानसिकता” को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पलायन रोकने और प्रदेश को आध्यात्मिक रूप से विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को वाद्य यंत्र भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।


मुख्यमंत्री ने बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। हालांकि, कार्यक्रम में मौजूद लोग रानीखेत को जिला घोषित किए जाने की घोषणा का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस संबंध में कोई घोषणा न होने से कुछ लोगों में निराशा भी देखने को मिली।


इसी दौरान मंच पर बैठने को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक महेश नेगी और भाजपा नेता अनिल शाही के बीच हल्की नोक-झोंक भी हुई, जिसे बाद में संभाल लिया गया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए सरकार ने 45 दिवसीय अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रत्येक न्याय पंचायत में शिविर लगाकर जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।


कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्य मंत्री कैलाश पंत, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, महिला मोर्चा संयोजिका विमला रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


