रानीखेत में मुख्यमंत्री का प्रातःकालीन भ्रमण, आमजन से संवाद कर लिया अभियान पर फीडबैक

रानीखेत में मुख्यमंत्री का प्रातःकालीन भ्रमण, आमजन से संवाद कर लिया अभियान पर फीडबैक

स्थान – रानीखेत

ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद अल्मोड़ा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रानीखेत में प्रातःकालीन भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान को लेकर उनका फीडबैक लिया।

आम नागरिकों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और शासन-प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंच रहा है। लोगों ने इस पहल को जनहित में एक प्रभावी कदम बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता निरंतर मजबूत हो रही है। सरकार आमजन से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझ रही है और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान को सुनिश्चित कर रही है।

प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली से आए पर्यटकों से भी मुलाकात की और उनके शीतकालीन यात्रा अनुभवों की जानकारी ली। पर्यटकों ने जनपद की प्राकृतिक सुंदरता, शांति और व्यवस्थाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इसे उत्साहवर्धक बताते हुए कहा कि ऐसे सकारात्मक फीडबैक सरकार को जनहित में निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।