हरिद्वार में महिला से अमानवीय मारपीट, वीडियो वायरल होते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई

हरिद्वार में महिला से अमानवीय मारपीट, वीडियो वायरल होते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से कमजोर महिला के साथ अमानवीय मारपीट का मामला सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घर में घुसने के शक में महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों और एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने महिला को घेरकर मारपीट की, उसे खंभे से बांधा और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए, बल्कि मानवता को भी शर्मसार कर दिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दूसरे पक्ष की ओर से बच्चियों से जुड़े कुछ आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें भी जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है।

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई है। हालांकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कानून के तहत हर जरूरी कदम उठाया जाएगा