


स्थान – रामनगर
संवाददाता – सलीम अहमद साहिल



लोकतंत्र की सबसे पहली और मजबूत दहलीज मानी जाने वाली ग्राम पंचायत की चौपाल से आज विकास की नई गूंज सुनाई दी। रामनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालधनचौड़ में पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद पहली बार खुली बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।



ग्राम पंचायत की यह खुली बैठक अपने आप में ऐतिहासिक महत्व रखती है, क्योंकि इसी मंच पर गांव की समस्याएं किसी फाइल में बंद होने के बजाय जनता की मौजूदगी में सीधे पटल पर रखी जाती हैं और निर्णय लिए जाते हैं। बैठक में शासन-प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों में भरोसा और उम्मीद दोनों को मजबूत किया।



इस अवसर पर स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बैठक में शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विधायक ने बताया कि राज्य सरकार की योजनाएं आज पहाड़ से लेकर मैदान तक गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंच रही हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।


विधायक की सक्रिय भूमिका और योजनाओं की जानकारी से प्रभावित होकर ग्राम पंचायत मालधनचौड़ की जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक दीवान सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांव के विकास को नई गति मिलेगी।



खुली बैठक में यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और जनता एक मंच पर एक साथ बैठते हैं, तो विकास की राह और अधिक मजबूत और आसान हो जाती है।



