क्रिसमस व नववर्ष को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा

क्रिसमस व नववर्ष को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा

लोकेशन – देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी क्रिसमस और नववर्ष को लेकर देहरादून पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस बैठक में सभी थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

एसएसपी ने पर्यटकों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पूर्व तैयारी जरूरी है।

बैठक में एसएसपी ने व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान और आकस्मिक चेकिंग चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अभियुक्तों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गैंगस्टर एक्ट और PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जब्ती सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

इसके अलावा अवैध अतिक्रमण हटाने, वांछित और फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनकी संपत्ति कुर्की के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।