क्रिसमस व नववर्ष से पहले जोशीमठ–औली में युद्धस्तर पर स्वच्छता अभियान

क्रिसमस व नववर्ष से पहले जोशीमठ–औली में युद्धस्तर पर स्वच्छता अभियान

लोकेशन – औली

ब्यूरो रिपोर्ट

क्रिसमस डे और नववर्ष के अवसर पर जोशीमठ नगर और विंटर डेस्टिनेशन औली में आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका परिषद ज्योर्तिमठ ने युद्धस्तर पर स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। पालिका द्वारा पर्यावरण मित्रों की टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि पर्यटक यहां से साफ-सुथरे वातावरण और सुखद अनुभव के साथ लौट सकें।

नगर पालिका परिषद जोशीमठ की ओर से विंटर डेस्टिनेशन औली क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान औली के प्रमुख पर्यटन स्थलों, सड़कों, पार्किंग क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर सफाई की गई।

पालिका के पर्यावरण सुपरवाइजर अनिल कुमार ने बताया कि औली में तैनात पर्यावरण मित्र चप्पे-चप्पे से कूड़ा, गार्बेज और अन्य कबाड़ का पूरी तरह निस्तारण कर रहे हैं। इसके साथ ही पर्यटकों, पर्यटन कारोबारियों, दुकानदारों और ढाबा संचालकों से भी अपील की जा रही है कि वे औली के पर्यावरण को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि कूड़ा-करकट खुले में न डालें, बल्कि डस्टबिन का ही उपयोग करें। नगर पालिका का उद्देश्य है कि पर्यटन सीजन के दौरान औली की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता बनी रहे और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।