मसूरी में माल रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू, पटरी व्यवसायियों का विरोध जारी

मसूरी में माल रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू, पटरी व्यवसायियों का विरोध जारी

स्थान – मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी की माल रोड पर लंबे समय से चल रहे पटरी व्यवसाय और फड़ लगाने वाले लोगों के खिलाफ नगर पालिका परिषद मसूरी और स्थानीय प्रशासन ने आज से विशेष अभियान शुरू कर दिया है। गांधी चौक से झूला घर तक चलाए गए इस अभियान में कई लोगों का सामान जब्त किया गया और माल रोड को अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास किया गया।

पटरी लगाने वाले व्यवसायियों ने हल्का-फुल्का विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई के चलते माल रोड को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कल से कोई भी पटरी या अन्य सामान माल रोड पर लगाया गया, तो उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा।

नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरभ भसीन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़क को अतिक्रमण मुक्त करना है। गौरभ भसीन ने बताया कि 20 तारीख तक पटरी व्यवसाय लगाने की अंतिम तारीख तय की गई थी और उसके बाद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्वयं अपना सामान अन्य चिन्हित स्थानों पर ले जा रहे हैं, जबकि कुछ व्यवसायियों का सामान अब भी माल रोड पर मिला, जिसे जप्त किया गया।

इस कार्रवाई से वर्षों से माल रोड पर पटरी व्यवसाय करने वाले लोगों की रोज़ी-रोटी पर संकट गहरा गया है। नगर पालिका द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर उन्हें पुनर्स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है, लेकिन पटरी व्यापारियों का आंदोलन जारी है। कांग्रेस पार्टी ने भी पटरी व्यवसायियों का समर्थन किया है।

नगर पालिका ने स्पष्ट कर दिया है कि मसूरी की माल रोड पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी व्यवसायियों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।