काशीपुर में खेल और न्याय का संगम, 22वें ऑल बार एसोसिएशन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

काशीपुर में खेल और न्याय का संगम, 22वें ऑल बार एसोसिएशन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

स्थान – काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

काशीपुर की धरती पर रविवार को खेल और न्याय जगत का अनूठा संगम देखने को मिला, जब उत्तराखंड ऑल बार एसोसिएशन के तत्वावधान में 22वें क्रिकेट टूर्नामेंट–2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। 22 से 31 दिसंबर तक चलने वाले इस नौ दिवसीय खेल महाकुंभ में प्रदेश भर की 54 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जो काशीपुर के चार अलग-अलग मैदानों पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।

टूर्नामेंट के प्रथम दिन कटोराताल स्थित ऐतिहासिक छावनी मैदान में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति आलोक मेहरा रहे। उन्होंने फीता काटकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया और इसके बाद पिच पर स्वयं बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस गरिमामयी अवसर पर एक विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जो न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय के बीच मजबूत और अटूट संबंधों को समर्पित है। साथ ही समारोह के दौरान मेधावी स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा और खेल दोनों के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की विभिन्न बार एसोसिएशनों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय और भाईचारे का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने अपनी खेल से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए आयोजन समिति की सराहना की और खिलाड़ियों से खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

उद्घाटन समारोह के बाद न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन को लेकर अधिवक्ताओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे काशीपुर में खेल महाकुंभ जैसा माहौल बन गया है।