रुड़की में सोत–वर्ल्ड बैंक कॉलोनी रोड विवाद सुलझा, प्रशासन की पहल से चौड़ीकरण की राह साफ

रुड़की में सोत–वर्ल्ड बैंक कॉलोनी रोड विवाद सुलझा, प्रशासन की पहल से चौड़ीकरण की राह साफ

स्थान – रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रूड़की के मोहल्ला सोत से वर्ल्ड बैंक कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद आखिरकार प्रशासन की दखल से सुलझता नजर आ रहा है। सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर जहां एक ओर स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे, वहीं दूसरी ओर यह मामला तनाव और टकराव की स्थिति तक पहुंच गया था।

यह सड़क काफी समय से विवाद का केंद्र बनी हुई थी। सड़क संकरी होने के कारण यहां आए दिन जाम लगना, छोटे-बड़े हादसे होना और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालात उस समय और बिगड़ गए जब सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तनातनी शुरू हो गई।

तनाव की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार विकास अवस्थी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से सीधी वार्ता की। प्रशासन की मौजूदगी में सड़क की विधिवत पैमाइश कर चूना मार्किंग की गई, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि सड़क चौड़ीकरण किस दायरे में किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों में संतोष देखने को मिला और माहौल शांत होता नजर आया। तहसीलदार विकास अवस्थी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी के साथ अन्याय न हो। पैमाइश और चूना मार्किंग के माध्यम से स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया गया है, जिससे सड़क चौड़ीकरण का कार्य बिना किसी विवाद के आगे बढ़ सके।

वहीं मौके पर मौजूद स्थानीय पार्षद टोनी रॉय ने इसे जनता की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई पिछले चार वर्षों से चल रही थी। जनता की एकजुटता और प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई के चलते आज यह मामला सुलझ पाया है। सड़क चौड़ी होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी।

फिलहाल प्रशासन की पहल से सड़क विवाद पर विराम लगता नजर आ रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होगा और उन्हें जाम व रोजमर्रा की परेशानियों से स्थायी निजात मिलेगी।