

स्थान -चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में सात दिवसीय बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर दशोली ब्लॉक प्रमुख विनीत देवी और नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।



शुभारंभ से पूर्व बंड भूमियाल एवं लक्ष्मीनारायण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ मेले का आगाज हुआ। बंड क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट कर मेले को अनुशासन और उत्साह के साथ प्रारंभ किया, जिसकी सलामी बंड विकास संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने ली।



इस दौरान बंड और नागपुर पट्टी की महिला मंगल दलों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जो क्षेत्र की लोकसंस्कृति और परंपराओं को दर्शाती नजर आईं। वहीं स्कूली छात्रों ने लोकनृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।



मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लोगों को योजनाओं से जोड़ने और लाभ पहुंचाने का माध्यम बने हुए हैं।
इस अवसर पर विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि ऐसे मेले हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी मिलन का केंद्र होते हैं। उन्होंने कहा कि बंड विकास मेला न केवल सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक, पर्यटन और कृषि विकास को भी गति देता है।



बंड विकास संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने बताया कि बंड भूमियाल, लक्ष्मीनारायण और बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ जनप्रतिनिधियों और विभागों के सहयोग से सात दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में मेले में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की।


इस मौके पर बंड संरक्षक अतुल शाह, शंभू प्रसाद सती, कोषाध्यक्ष ताजवर नेगी, गुलाब सिंह, महामंत्री हरीश पुरोहित, भाजपा महामंत्री दीपक पंत, अयोध्या हटवाल, सुनील कोठियाल, राजेन्द्र हटवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, ऊषा रावत, शैलेंद्र नेगी, राकेश नवानी, मनोज कुमार, संजय राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


