हरिद्वार में ठंड के मद्देनज़र प्रशासन अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित ने रैन बसेरों व अलाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हरिद्वार में ठंड के मद्देनज़र प्रशासन अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित ने रैन बसेरों व अलाव व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्थान – हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज

जिले में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर रैन बसेरों, अलाव और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में डीएम मयूर दीक्षित ने शिवालिक नगर नगर पालिका क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने शिवालिक नगर से निरीक्षण की शुरुआत की, जहां टिहरी विस्थापित क्षेत्र, सेक्टर-4 सहित अन्य स्थानों पर बनाए गए रैन बसेरों, अलाव और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, गर्म पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

इसके बाद जिलाधिकारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर क्षेत्र में ठंड से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत ठंड से बचाव की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को गर्म कपड़े और कंबल वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा, उसी के अनुरूप अलाव की संख्या और रैन बसेरों की सुविधाओं में भी इजाफा किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।