

स्थान – रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


लंढौरा क्षेत्र के ग्राम रनसुरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में एक ऊंचे पॉपुलर के पेड़ पर गुलदार उल्टा लटका मिला। बताया गया कि गुलदार का एक पैर टहनी में फंस गया था, जिससे वह करीब 5-6 घंटे तक पेड़ पर ही फंसा रहा।



गुलदार की हालत देख ग्रामीणों में डर और दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली।



भीड़ की हलचल और शोर से गुलदार लगातार छटपटाता रहा, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को बेहोशी का इंजेक्शन दिया। इसके बाद पेड़ काटकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया और पिंजरे में बंद कर रेस्क्यू किया गया।



रेस्क्यू के बाद भी सैकड़ों ग्रामीण वन विभाग की गाड़ी के पीछे-पीछे चलते रहे, जिससे हालात और संवेदनशील बने। गुलदार को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।


इस घटना ने वन्यजीव रेस्क्यू में देरी, भीड़ की लापरवाही और जागरूकता की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



