

स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


विकासनगर शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रतिष्ठित वकील के 19 वर्षीय बेटे ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता और हड़कंप मचा दिया है।



जानकारी के अनुसार, मृतक प्रेमनगर स्थित एक शिक्षण संस्थान में लॉ का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह शाम करीब चार बजे कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौटा था। घर लौटने के कुछ समय बाद उसने अपने कमरे में रखी पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली।



गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग कमरे की ओर दौड़े, जहां वह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। हायर सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


फिलहाल आत्महत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। कोतवाली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।



