झगड़पुरी में अवैध गोदाम पर छापेमारी, भारी मात्रा में भैंस की खालें बरामद

झगड़पुरी में अवैध गोदाम पर छापेमारी, भारी मात्रा में भैंस की खालें बरामद

स्थान – झगड़पुरी
ब्यूरो रिपोर्ट

ग्राम झगड़पुरी में मोहम्मद निजाम के घर से लगे एक गोदाम पर उपजिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, पुलिस तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में बड़े पशुओं (भैंस) की खालें बरामद की गईं।

अधिकारियों के अनुसार मौके पर लगभग 35 ढेर भैंस की खालों के पाए गए, जिनसे खून और गंदगी का रिसाव हो रहा था। इससे न केवल आसपास के वातावरण में दुर्गंध फैल रही थी, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ था।

छापेमारी के बाद संबंधित परिसर को सील कर दिया गया और उसे पूर्व प्रधान की सुपुर्दगी में सौंपा गया। मौके पर ही सभी विभागों द्वारा संयुक्त आख्या तैयार की गई।

प्रशासन ने बताया कि इस मामले में न्यायालय परगनाधिकारी के स्तर से धारा 152 बीएनएसएस 2023 के अंतर्गत नोटिस जारी किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।