कांडा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, आस्था और लोक संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

कांडा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, आस्था और लोक संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

स्थान -बागेश्वर
ब्यूरो रिपोर्ट

आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं के संगम के रूप में प्रसिद्ध कांडा में तीन दिवसीय कांडा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा और रंगा–रंग झांकियों के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया, जबकि ढोल–दमाऊं की गूंज से पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंग गया।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई झांकियों में लोक देवताओं, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ी जीवनशैली का जीवंत चित्रण किया गया। झांकियों के बीच स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया और बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कांडा महोत्सव क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव के दौरान लोक नृत्य, पारंपरिक गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महोत्सव कांडा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।