कालाढूंगी: पतलिया-गाजा में कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

कालाढूंगी: पतलिया-गाजा में कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

स्थान – कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट

कालाढूंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी कोटाबाग के ग्राम सभा पतलिया-गाजा में आज अचानक दहशत फैल गई, जब अज्ञात युवक ने सड़क किनारे खड़ी एक हुंडई कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फायरिंग का निशाना हुंडई कार संख्या UK04 K 2997 रही। घटनास्थल से 12 बोर का एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर कालाढूंगी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार पर लगे फायरिंग के निशानों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में भी लगी है कि फायरिंग के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या यह किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़ा मामला है।

रामनगर सीओ सुमित पाण्डेय ने बताया कि कालाढूंगी थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।