

स्थान -मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल को लेकर आज नगर पालिका सभागार में विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर में प्रकाश व्यवस्था, सफाई और शौचालय के रखरखाव की समीक्षा की और निर्देश दिए कि कार्निवाल से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।



बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से विभिन्न सुझाव मांगे और उन पर कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। विशेष रूप से उन्होंने शहर के शौचालयों की दुर्दशा पर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। इस अवसर पर विंटर लाइन कार्निवाल के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।




कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में यह कार्निवाल विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के पुरोधा इंद्रमणि बडोनी की 100वीं वर्षगांठ पर यह कार्यक्रम उन्हें समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में उत्तराखंड की खान-पान, संस्कृति और पारंपरिक पहनावे का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी कलाकार उत्तराखंड के ही होंगे।




मंत्री गणेश जोशी ने आश्वस्त किया कि इस बार कार्निवाल को दिव्य और भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। 24 तारीख को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।


