

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


मनसा देवी मंदिर के रेलवे फाटक के पास देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रही तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई और उसके नीचे समा गई। इस भीषण टक्कर में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।




प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद सड़क पर मांस के टुकड़े बिखरे पड़े थे। पुलिस ने क्षत-विक्षत शवों को निकालने के लिए वाहन काटकर कड़ी मशक्कत की।



जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। कार कई वाहनों को ओवरटेक कर रही थी, तभी चालक ने किसी जानवर को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और कार सीधे ट्रक से जा भिड़ी।



कार नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान सोनू कुमार, निवासी चंद्रेश्वर मार्ग ऋषिकेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दो मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (30) और हरिओम (22) के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान देर रात तक जारी रही।

पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। तेज रफ्तार ने एक बार फिर चार जिंदगियों को छीना, जिससे सड़क सुरक्षा की जरूरत पर सवाल उठ रहे हैं।


