


स्थान : नैनीताल
रिपोर्ट : संजय जोशी


उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर दिनेश रावत ने जीत दर्ज की है और दूसरी बार हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल चार उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें दिनेश रावत ने डीके जोशी को हराया।



सचिव पद पर सौरभ अधिकारी ने कड़ी टक्कर के बाद अक्षय लटवाल को हराया। उपाध्यक्ष पद पर सुशील वशिष्ठ और महिला उपाध्यक्ष पद पर मीना बिष्ट ने जीत हासिल की। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर शुभ रस्तोगी विजयी रहे। इस चुनाव में कुल 1689 मतदाताओं में से 1112 ने अपने मतों का प्रयोग किया।



अध्यक्ष बने दिनेश रावत ने जीत के बाद कहा, “मैंने हमेशा अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाई हैं। मैं कभी पीछे नहीं हटा और हमेशा डट कर मुकाबला किया। यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि सभी अधिवक्ताओं की जीत है। हम मेडिकल सुविधाओं, नए मेंबरों के चैंबर की व्यवस्था और हाईकोर्ट की लड़ाई को साथ मिलकर लड़ेंगे।”



रावत रानीखेत तहसील के असवाल कोट्यूडा गांव सिलोर घाटी के मूल निवासी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रानीखेत को जिला बनाने के लिए प्रयास करेंगे।

अध्यक्ष दिनेश रावत के भाई भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। उनके अध्यक्ष बनने पर लोकसभा सांसद अजय भट्ट, अधिवक्ता संजय जोशी, एड दिनेश तिवारी, एड राजेश रौतेला, एड विनोद तिवारी और एड राजेंद्र जसवाल सहित कई शुभचिंतकों और अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई दी।




