अस्टा सिमार में मादा गुलदार मृत मिली, वन विभाग जांच में जुटा

अस्टा सिमार में मादा गुलदार मृत मिली, वन विभाग जांच में जुटा

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के अस्टा सिमार गांव में मंगलवार को एक मादा गुलदार मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, गांव की कुंती देवी सुबह घास काटने जा रही थीं, तभी उनकी नजर खेत के पास पड़े गुलदार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को अवगत कराया गया।

रेंजर राजेश जोशी ने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार के शव को कब्जे में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में गुलदार की उम्र तीन से चार वर्ष के बीच बताई जा रही है और यह मादा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

ग्रामीणों के अनुसार, गुलदार सोमवार रात से लगातार दहाड़ रहा था और मंगलवार सुबह मृत अवस्था में मिला। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।