जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया विजय दिवस, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

जनपद में हर्षोल्लास से मनाया गया विजय दिवस, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में जनपद में विजय दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

विजय दिवस के मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एनसीसी कैडेट्स के नेतृत्व में एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट परिसर तक भव्य मार्च पास्ट निकाला। मार्च पास्ट को विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई, जहां पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजकुमार पोरी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभागार को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। इस दौरान वीर सैनिकों एवं शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस और त्याग को नमन किया गया।

विधायक राजकुमार पोरी ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा सैनिकों के बलिदान से ही संभव है। उन्होंने बताया कि 1971 के युद्ध में पौड़ी जनपद के 33 वीरों का योगदान अविस्मरणीय है, जिनके साहस और शौर्य को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने 1971 की विजय को मानवता और न्याय की जीत बताते हुए कहा कि यह युद्ध भारत की सैन्य क्षमता और नैतिक शक्ति का प्रतीक है।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कैप्टन सत्य प्रकाश धस्माणा ने अपने युद्ध अनुभव साझा किए और युवाओं से राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। विजय दिवस के आयोजन ने जनपदवासियों में देशभक्ति और सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत किया।