हरिद्वार में 14वीं उत्तराखंड प्रादेशिक पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ

हरिद्वार में 14वीं उत्तराखंड प्रादेशिक पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

हरिद्वार के भल्ला स्टेडियम में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित 14वीं उत्तराखंड प्रादेशिक पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को उत्साह और जोश के साथ शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता की मेजबानी इस वर्ष हरिद्वार कर रहा है, जो 19 दिसंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से कुल 20 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मंगलवार सुबह किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीआरएफ की उपमहानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती कुमार रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक फिटनेस को अत्यंत आवश्यक बताते हुए नियमित खेल गतिविधियों को अपनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में न केवल शारीरिक और मानसिक फिटनेस को बढ़ावा देती हैं, बल्कि आपसी तालमेल, टीमवर्क और अनुशासन की भावना को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ पुलिस बल को और अधिक सशक्त व ऊर्जावान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।